नादौन (हमीरपुर)।
उपमंडल की चोली पंचायत की एक दुकान में आग लग गई। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल और लोगों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखा सारा सामान जल कर राख हो गया।
इस बारे में महाल टिल्ला के यशपाल शर्मा ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे अचानक दुकान में रखे फ्रिज और पंखे से धुआं निकलना शुरू हुआ। जब तक वह कुछ समझ पाता दुकान के अंदर चारों ओर आग की लपटें निकलना शुरू हो गईं। उसने बाहर निकलकर जान बचाई।
इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर अग्निशमन दल और पुलिस के साथ स्थानीय लोगों ने भी आग पर काबू पाया। इस घटना में दुकान के अंदर रखे फ्रिज, काउंटर, पंखा, गैस सिलेंडर, बर्तनों सहित गल्ले में रखी नगदी जलकर राख हो गए। नायब तहसीलदार प्रोमिला धीमान ने दुकानदार यशपाल शर्मा को फौरी राहत के तौर पर 20,000 और 5,000 रुपये चोली पंचायत प्रधान ममता कटवाल ने दिए। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है। थाना प्रभारी रक्कड़ सुरेश कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।