नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के तहत बसारल गांव में एक महिला ने एक व्यक्ति पर मामूली बात को लेकर उसके साथ मारपीट करने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़िता जमुना देवी पत्नी ब्रह्मदास निवासी गांव ठां कांगू ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि वह अपने मायके बसारल गांव में आई थीं। इस दौरान बीते सोमवार को जब वह अपने भाई के घर में हो रही साफ सफाई में हाथ बंटा रही थी तो पड़ोस में रहने वाली मीना कुमारी पत्नी प्रकाश चंद ने बिना किसी कारण से उसके साथ गाली गलौज आरंभ कर दिया।
जब मीना को ऐसा करने से रोका गया तो उसने अपने भाई सतीश कुमार पुत्र मस्त राम निवासी गांव भराड़ता ग्वालपत्थर को मौके पर बुला लिया। जमुना देवी ने आरोप लगाया कि सतीश ने आते ही उसके साथ मारपीट आरंभ कर दी तथा उसके बाजू पर दांत गड़ा दिए। जिससे वह लहूलुहान हो गई। उसने बताया कि परिजनों ने बड़ी मुश्किल से उसे सतीश के चंगुल से बचाया और नादौन अस्पताल ले आए। जहां उसे प्राथमिक उपचार दिलाया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी महेंद्र परमार ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल करवा कर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे छानबीन की जा रही है।