हमीरपुर। फैशन डिजाइनिंग की छात्रा की मौत के मामले में गिरफ्तार युवक को पुलिस ने हमीरपुर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी युवक को 7 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है। लेकिन, अभी तक पुलिस को कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगा है। वहीं फोरेंसिक साइंस विभाग के विशेषज्ञों ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश की। विशेषज्ञों को घटनास्थल पर युवती के अलावा अन्य किसी भी व्यक्ति के फुट प्रिंट नहीं मिले हैं।
इससे लगता है कि युवती अकेले ही घटनास्थल पर पहुंची थी। लेकिन, उसने आत्महत्या किन कारणों से की है, इसका पता नहीं चल पाया है। बता दें कि बीते 1 जुलाई रविवार को कांगड़ा जिला के नूरपुर उपमंडल के तहत आते 32 मील की युवती की लाश हमीरपुर में गरने दा गलूं गांव के पास नाले में मिली थी। मृतक युवती की पहचान दीक्षा राणा पुत्री अशोक राणा की रूप में हो चुकी है। वह हमीरपुर में एक निजी संस्थान में पढ़ती थी, लेकिन एक साल से संस्थान नहीं गई। वहीं जिस मकान में वह रहती थी वहां भी 29 जून से नहीं गई थीं। आरोपी युवक ने ही पुलिस में युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उधर, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने कहा कि पुलिस ने आरोपी युवक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 7 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।