हमीरपुर। पुलिस थाना नादौन और हमीरपुर के तहत पुलिस ने दो व्यक्तियों से 15 बोतलें अवैध देसी शराब की बरामद की हैं। थाना नादौन के एएसआई कुलवंत कुमार शनिवार शाम को थाने के अन्य कर्मचारियों के साथ गुरुद्वारा नादौन के पास गश्त पर थे। इसी समय एक व्यक्ति थैला उठाए आ रहा था। शक होने पर उसके थैले की तलाशी ली गई तो उसमें से 7 बोतलें देसी शराब बिना परमिट या लाइसेंस के बरामद की गईं। व्यक्ति की पहचान तरुण उप्पल निवासी वार्ड नंबर-3 सेरी, डाकघर और तहसील नादौन के रूप में हुई है। वहीं, थाना हमीरपुर के तहत एएसआई शिव लाल शनिवार शाम को थाने के अन्य कर्मचारियों के साथ गश्त करते डुग्घा के पास पहुंचे तो एक व्यक्ति बैग उठाए हुए आ रहा था। शक होने पर बैग को चेक किया तो बैग से 8 बोतलें देसी शराब बिना परमिट या लाइसेंस के बरामद की गईं। व्यक्ति की पहचान रत्न सिंह निवासी डुग्घा के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा का कहना है कि मामले दर्ज कर छानबीन की जा रही है।