गलोड. (हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत मंगलवार शाम को एक महिला की रास्ते में अचानक मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। मृतक महिला की पहचान सीतो देवी (41) वर्ष निवासी गांव डुढाणा, डाकघर गलोड़ तहसील नादौन जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। मृतक महिला के पति की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी है।
उसकी दो स्कूल में पढ़ने वाली बेटियां हैं। पति की मौत के बाद महिला अपने भाई के साथ रहती थी। मंगलवार को वह डुढाणा गांव से गलोड़ बाजार गई थीं। इसी बीच रास्ते में पड़ते नारा गांव के समीप नाले के रास्ते में उनकी लाश मिली। बताया जा रहा है कि नाले के रास्ते काफी उतराई और चढ़ाई है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत हृदयगति रुकने से हो सकती है। उधर, गलोड़ पुलिस चौकी के जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।