बड़सर (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र बड़सर के तहत रैली जजरी पंचायत के एक युवक से अमृतसर में रह रहे स्मैला निवासी ने विदेश भेजने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठगे हैं। एक साल से विदेश न भेजने और न ही रुपये वापस करने पर ठगी का शिकार हुए युवक ने सोमवार को पुलिस थाना बड़सर में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी।
ग्राम पंचायत रैली जजरी के निवासी दिनेश कुमार पुत्र सदाराम ने शिकायत दर्ज करवाई है कि करीब एक वर्ष पूर्व उसने स्मैला निवासी जगमीत सिंह जो कि अमृतसर में रहता है को विदेश भेजने के लिए डेढ़ लाख रुपये दिए थे। लेकिन, जगमीत सिंह ने विदेश नहीं भेजा। एक वर्ष से जगमीत सिंह पैसे लौटाने की बात कहता आ रहा है। लेकिन एक वर्ष के बाद भी उसने पैसे नहीं लौटाए। उसने इसकी शिकायत पुलिस में दे दी है।
थाना प्रभारी बड़सर जगदीश चंद ने कहा कि शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। मामला दियोटसिद्ध चौकी क्षेत्र से संबंधित है, जिसे वहां के लिए फॉरवर्ड कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।