हमीरपुर। पुलिस थाना सुजानपुर के तहत पड़ते मैहली पुल के पास पुलिस ने एक स्कूटी चालक से 14.68 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना सुजानपुर के प्रभारी श्याम लाल शनिवार शाम को मैहली पुल के पास गश्त और यातायात चेकिंग पर थे। इस दौरान करीब साढ़े पांच बजे संधोल की तरफ से स्कूटी सवार एक व्यक्ति आया। पुलिस ने उक्त स्कूटी चालक को रुकने के लिए कहा। पुलिस को देखकर चालक स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर मौके से भागने लगा। पुलिस ने स्कूटी चालक का पीछा कर उसे दबोच लिया। जब स्कूटी की तलाशी ली गई तो उसमें से 14.68 ग्राम चरस बरामद हुई। स्कूटी चालक की पहचान दीपक कुमार पुत्र कर्म चंद निवासी वार्ड नंबर 2 सुजानपुर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। एसपी रमन कुमार मीणा का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।