नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा के शनि देव मंदिर के पास दो लावारिस सांडों की आपस की लड़ाई की चपेट में आने के कारण एक युवक घायल हो गया। घायल युवक को एंबुलेंस से नादौन अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। हैप्पी निवासी टिल्लू अपने परिजनों के साथ सड़क पर जा रहा था कि आपस में भिड़े सांडों ने उसे टक्कर मार दी। जिससे उसके सिर, बाजू, हाथ में गहरी चोटें आ गईं। शहर में घूमते लावारिस पशु लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। इससे पूर्व भी लावारिस पशुओं की आपसी लड़ाई में कई लोग घायल हो चुके हैं। पिछले वर्ष वार्ड नंबर-1 में एक वृद्ध को ऐसे लावारिस बैल ने घायल किया था, बाद में उसने दम तोड़ दिया था। वहीं एक घायल दुकानदार को पीजीआई रेफर करना पड़ा था। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लावारिस पशुओं की समस्या से छुटकारा दिलवाने के लिए उचित कदम उठाया जाए। उधर, नादौन अस्पताल के चिकित्सक हितेश का कहना है कि घायल का उपचार अस्पताल में चल रहा है।