नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के तहत एक मकान में रंग-रोगन का कार्य कर रहे पेंटर की आग लगने से मौत हो गई। युवक की पहचान 31 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र गरीब दास निवासी गांव भटेरड़, तहसील नादौन जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने टांडा अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
भटेरड़ निवासी संजीव कुमार पेंटर का काम करता था। रविवार को वह उपमंडल के एक मकान में रंग-रोगन का कार्य कर रहा था। इतने में पास रखी थिन्नर ऑयल के बड़े कैन ने अचानक आग पकड़ ली। आग की लपटों से संजीव कुमार बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे नादौन अस्पताल से पहुंचाया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया। लेकिन यहां उपचार की सुविधा न होने के चलते उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां सोमवार को युवक ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।