नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत भूंपल के सधवान गांव में एक युवक के परिजनों ने अपने ही गांव के एक अन्य युवक पर मारपीट का आरोप लगाया है। युवक की इतनी पिटाई की गई है कि उसे गंभीर हालत में नादौन अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है। पीड़ित 20 वर्षीय गौरव के पिता राज कुमार ने बताया कि वह भूंपल गांव में एक ढाबा चलाते हैं। गौरव कैटरिंग का काम भी करता है।
बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उनका बेटा गांव के ही टेंट का काम करने वाले पिंकी के पास दो युवकों पंकज व दीपक के साथ अपने पैसे लेने गया था। जहां किसी बात पर कहासुनी होने पर पिंकी ने गौरव की इतनी पिटाई कर दी कि उसे बेहोशी की हालत में नादौन अस्पताल में दाखिल करवाना पड़ा। जहां उसका उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि गौरव को उसके दोस्तों ने पिंकी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद जब गौरव घर पहुंचा तो घर के बाहर ही बेहोश हो कर गिर पड़ा। उन्होंने बताया कि गौरव ने पिंकी से बीस हजार रुपये लेने थे। परंतु वह केवल नौ हजार रुपये ही दे रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी। थाना प्रभारी सतीश शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।