जाहू/भोरंज/बड़सर (हमीरपुर)। जिले में नशे का कारोबार बदस्तूर जारी है। अब पुलिस थाना भोरंज और बड़सर के तहत पुलिस ने दो युवकों से 4.23 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रही है।
पहले मामले में उपमंडल भोरंज की महल से भोटा वाया अग्घार सड़क पर भोरंज पुलिस ने एक कार से 2.87 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में कार चालक राजीव कुमार निवासी गांव चुझाण डाकघर धनवीं, तहसील भोरंज जिला हमीरपुर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। भोरंज थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि एएसआई परमजीत सिंह, आरक्षी अजीत कुमार और मनोज कुमार ने गाड़ी के निरीक्षण के दौरान चिट्टे को पकड़ा है। उन्होंने कहा कि उक्त गाड़ी राजीव कुमार के बहनोई की है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अकेले पुलिस थाना भोरंज में ही इस वर्ष एनडीपीएस का यह आठवां मामला दर्ज हुआ है। पुलिस लगातार चिट्टे को पकड़ने में कामयाबी हासिल कर रही है। एसएचओ ने कहा कि पुलिस जल्द ही चिट्टे के सरगना तक पहुंचने में कामयाबी हासिल करेगी।
उधर, पुलिस थाना बड़सर के अंतर्गत एक युवक से 1.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस टीम मैहरे भकरेड़ी सड़क पर गश्त पर थी। गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों को देखकर वहां से गुजर रहा एक युवक घबरा गया। युवक के हावभाव देखकर पुलिस को शक हुआ। युवक की तलाशी लिए जाने पर उसके पास से 1.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। आरोपी युवक सूर्यांश निवासी भकरेड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर का कहना है कि गश्त के दौरान एक युवक से 1.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी युवक को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है।
जिला में दो माह में पकड़ा 39.46 ग्राम चिट्टा
जिला पुलिस ने विभिन्न थानों के तहत दो माह में ही 39.46 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इसके साथ पुलिस ने विभिन्न मामलों में 579 ग्राम चरस दो माह में बरामद की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी का कहना है कि पुलिस नशे के खिलाफ सक्रिय है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है अगर उनके आसपास नशे का व्यापार या प्रयोग हो रहा है तो पुलिस को इसकी जानकारी दें। जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।