सलौणी(हमीरपुर)। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत पड़ती करेर पंचायत के एक ठेकेदार से एडवांस रुपये लेकर तीन प्रवासी मजदूर फरार हो गए हैं। ठेकेदार ने इसकी शिकायत पुलिस थाना हमीरपुर में दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत करेर के डमयाणा गांव निवासी ठेकेदार अमरजीत पुत्र बख्शी राम ने थाना हमीरपुर में शिकायत दर्ज करवाई है कि चौकी कनकरी में उसका ठेके का काम चल रहा है। वहीं पर उसके पास 3 प्रवासी मजदूर करीब तीन माह से कार्य कर रहे थे। प्रवासी मजदूर अलीम, हाकिम और अकिन जिला अररिया बिहार निवासी हैं। 17 मार्च की शाम को इन मजदूरों ने घर में शादी होने का हवाला देकर उनसे 30,000 रुपये एडवांस ले लिए। जब रविवार सुबह वह उन मजदूरों के कमरेे में गए तो मजदूर सारा सामान लेकर भाग गए थे। मजदूरों के पास मार्बल मोल्डिंग मशीन, हैंड ग्राइंडर और मार्बल कटर भी था। इन्हें भी वह साथ ले गए हैं। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने कहा कि मामले की जांच के बाद जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।