हमीरपुर। कॉलेज छात्र को पीटने वाले आधा दर्जन आरोपी युवकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को आरोपी युवकों को थाना तलब कर उनसे पूछताछ की गई। वहीं पीड़ित छात्र के मेडिकल के बाद अब पुलिस आगामी कार्रवाई में लाएगी। वीरवार दोपहर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के ग्राउंड में आधा दर्जन युवकों ने एक कॉलेज छात्र पर बैठे-बैठे हमला कर दिया। लात-घूंसों से युवक की जमकर पिटाई की और जब पीड़ित युवक वहां से भागने लगा तो उसे सीढ़ियों पर जोर से पटक दिया। इसके बाद भी काफी देर तक छात्र की पिटाई करते रहे। पीड़ित युवक की पहचान विशाल कुमार पुत्र दिनेश चौहान निवासी गांव भरवाणा, डाकघर कोट, तहसील टौणीदेवी व जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। विशाल ने बताया कि वह हमीरपुर कालेज में पढ़ता है। करण कटोच और अन्य कालेज मेेें पढ़ने वाले युवकों ने उसे बुरी तरह पीटा है, जिससे उसे गहरी चोटें आई हैं। मारपीट की घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि चार से पांच युवक मिलकर एक युवक को पीट रहे हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि शिकायत के बाद आरोपी युवकों के खिलाफ भादंसं की धारा 341, 323, 506 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। शीघ्र ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।