हमीरपुर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी ) ने राज्य कर्मचारी चयन बोर्ड के बाहर बैठे जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (817) के परीक्षार्थियों के आंदोलन का समर्थन किया। शुक्रवार को सीपीएम का प्रतिनिधिमंडल डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर की अगुवाई में आंदोलनकारियों से मिला और समर्थन किया। राज्य सचिवालय सदस्य डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि इन अभ्यर्थियों के बारे में सारी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से इन परीक्षार्थियों के पक्ष में फैसला आने के बाद भी परिणाम घोषित नहीं किया जा रहा है। बोर्ड अनावश्यक तरीके से देरी कर रहा है जो इन नौजवानों के साथ सरासर अन्याय है। इससे पहले फरवरी में भी इन लोगों ने शिमला विधानसभा के बाहर आंदोलन किया था और सरकार के आश्वासन के बाद इन्होंने उस समय आंदोलन स्थगित कर दिया था। अब भी सरकार अपने वादे पर अमल नहीं कर रही है। उन्होंने मांग की है कि इन परीक्षार्थियों की मांगों को तुरंत माना जाए और इन सभी परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम तुरंत घोषित किया।