गारली (हमीरपुर)। कोरोना वायरस के बचाव के प्रति जनता में जागरूकता लाने और प्रबंधों को लेकर एसडीएम बड़सर प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रदीप कुमार ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 30 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार करवाया जा रहा है। इसके लिए एक निजी स्कूल के हॉस्टल की बिल्डिंग चिन्हित की गई है। इसके अलावा भोटा और मैहरे विश्राम गृह में भी आइसोलेशन वार्ड बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बड़सर प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की सहायता से जनता के बीच जागरूकता फैलाने के लिए एनाउंसमेंट करवाई जा रही है। बस और टैक्सी ऑपरेटरों को प्रशासन सैनिटाइजेशन के लिए हाइड्रोक्लोराइड मुहैया करवा रहा है। ऑपरेटरों को अपने वाहन सुबह शाम सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर बीएमओ बड़सर नरेश शर्मा, बीडीओ बिझड़ी केदार नाथ पांडे, सीडीपीओ एचआर भाटिया के अलावा क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक, आयुर्वेदिक, फूड इंस्पेक्टर और पुलिस अधिकारी, मैहरे बाजार कमेटी टैक्सी यूनियन के प्रधान मौजूद रहे।