हमीरपुर कॉलेज में काउंसिलिंग प्रक्रिया में भाग लेते विद्यार्थी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार को पीजी कक्षाओं के विद्यार्थियों की काउंसलिंग की गई। इसमें विद्यार्थियों के दस्तावेज जांचे गए।
काउंसलिंग के पहले दिन मेरिट लिस्ट में चयनित विद्यार्थियों में से आधे ही विद्यार्थी कॉलेज पहुंचे। इस दौरान विद्यार्थियों की यूजी कक्षाओं में अंक समेत सभी प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से पीजी कक्षाओं में प्रवेश के लिए ली गई प्रवेश परीक्षा के अंकों के अनुसार ही दाखिला दिया गया।
कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. अंजू बत्ता सहगल ने बताया कि काउंसलिंग के पहले दिन कम विद्यार्थी ही कालेज पहुंचे थे। उनकी काउंसलिंग 18 को पुन: होगी। काउंसलिंग में विज्ञान संकाय में जीव विज्ञान में 70 में से 46, रसायन विज्ञान में 48 में से 32, वनस्पति विज्ञान में 62 में से 49, गणित में 175 में से 65 विद्यार्थी ही काउंसलिंग में पहुंचे।
वहीं कला संकाय एमए हिंदी में 24 में से 13, अर्थशास्त्र में 25 में से नौ, एम कॉम में 19 विद्यार्थियों में से सात विद्यार्थी काउंसलिंग के लिए पहुंचे थे। विद्यार्थियों की 18 और 19 अगस्त को पुन: काउंसलिंग होगी। इसके बाद दाखिला दिया जाएगा।