हमीरपुर। जिले में दिल्ली से लौटे एक पुलिस कांस्टेबल की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है। शुक्रवार सुबह पुलिस अधीक्षक कार्यालय हमीरपुर खाली कर दिया गया। इसके साथ ही कार्यालय के सभी ब्रांचों को सैनिटाइज करवाया गया ताकि, कोरोना संक्रमण को रोका जा सके। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने आगामी 48 घंटे तक कार्यालय में 50 फीसदी स्टाफ को ही उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए हैं। यही नहीं कोरोना संक्रमित पुलिस कांस्टेबल ने बुधवार को ओएएसआई और ऑफिस डिस्पैच ब्रांच का दौरा किया था। जिसके चलते इन दोनों ब्रांचों के स्टाफ को होम क्वारंटीन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। तहसील कार्यालय हमीरपुर में रखीं ईवीएम के लिए तैनात पुलिस गार्द में ही इस संक्रमित जवान की ड्यूटी थी। इसके चलते गार्द में शामिल चार अन्य पुलिस जवानों के भी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही उन्हें भी होम आईसोलेट रहने के लिए कहा गया है। उधर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि वीरवार शाम को एक पुलिस कांस्टेबल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह जवान दिल्ली से लौटा है और बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विभागीय कार्य से पहुंचा था। उन्होंने कहा कि आगामी 48 घंटे के लिए 50 फीसदी स्टाफ को ही कार्यालय में आने के निर्देश दिए गए हैं। कोरोना संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी का पूरा पालन किया जा रहा है।