हमीरपुर। जिलाभर में बुधवार और वीरवार रात को हुई बारिश से लोक निर्माण विभाग को दो करोड़ 66 लाख 29 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इसके साथ ही जिले में नौ कच्चे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। जबकि, दो गोशालाएं ध्वस्त हो गई हैं। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय हमीरपुर पर चीड़ का बड़ा पेड़ गिरने के कारण भवन क्षतिग्रस्त हो गया है।
डीपीओ एचसी शर्मा ने कहा कि कार्यालय की टीन फाड़ कर पेड़ अंदर की ओर घुस गया है। इससे नुकसान हुआ है। उधर, क्षतिग्रस्त हुए मकानों में संगरोह में कृरूण चंद का कच्चा घर, पटनौण में विनोद कुमार का कच्चा घर, संगरोह में मीरा देवी का कच्चा घर, बगवाड़ा में हरजीत सिंह का कच्चा घर, बिझड़ी में कांता देवी का ही कच्चा मकान, ढटवाल के टिक्कर में ओंकार चंद का कच्चा मकान, डुढार में कृष्ण दत्त का कच्चा मकान, मक्कड़ में नरायणों देवी का कच्चा मकान, टिक्कर ब्रह्मणा में कौशल्या देवी का कच्चा मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। जबकि, बिझड़ी में मनशो देवी और बारीं में कश्मीरी देवी की गोशाला पूर्ण रूप से ध्वस्त हुई है। लोक निर्माण विभाग को सड़कें, नालियां, डंगे आदि क्षतिग्रस्त होने से दो करोड़ 66 लाख 29 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। नौ मकानों के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने से 3.35 लाख और दो गोशालाओं के ध्वस्त होने से एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जिला राजस्व अधिकारी देवराज भाटिया ने कहा कि नुकसान की रिपोर्ट उपायुक्त हमीरपुर को भेज दी है।