जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाहू में कोरोना संक्रमित मरीज आने से अस्पताल को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। स्टाफ को संगरोध होने के आदेश जारी किए हैं। मंडी जिला से संबंध रखने वाली एक महिला रोगी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अपनी जांच के लिए पहुंची थी। इस दौरान उसका कोरोना सैंपल लिया गया। महिला की रिपोट पॉजिटिव आने से स्टाफ और रोगियों का हड़कंप मच गया है। जाहू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर का संगम स्थल पर होने की वजह से रोगियों की काफी संख्या रहती है। इससे कोरोना संक्रमण बढ़ने का भय बना हुआ है। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित कालिया ने कहा कि मंडी जिला की महिला रोगी कोरोना संक्रमित आई है। इसलिए जाहू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मंगलवार दोपहर तक बंद कर दिया गया है तथा स्टाफ को आइसोलेट होने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाहू का संपूर्ण रूप से सैनिटाइज किया जाएगा।