हमीरपुर। उपमंडल बड़सर के एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति की गर्भवती पत्नी के संक्रमित होने के बाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 63 हो गई है। जिले में कोरोना एक्टिव केस की संख्या 56 है। छह लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। गलोड़ निवासी कोरोना संक्रमित की अस्पताल में मौत हो चुकी है।
इसके साथ ही हमीरपुर के डुग्घा की रहने वाली एक 73 वर्षीय महिला की सोमवार को आईजीएमसी शिमला में मौत हो गई। इस तरह जिले में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की मौत की संख्या दो हो गई है। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि जिला में कोरोना वायरस से संक्रमित एक महिला का मामला सामने आया है। बड़सर क्षेत्र के पहलू गांव की यह 25 वर्षीय महिला अपने पति के साथ मुंबई से लौटी थी। उसका 29 वर्षीय पति 22 मई को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। महिला को डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर में आइसोलेशन में रखा था।