हमीरपुर। उपमंडल सुजानपुर की कक्कड़ पंचायत के सीरी गांव में एक व्यक्ति के कोरोना वायरस कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। यह व्यक्ति 12 मई को सामने आए सुजानपुर उपमंडल के बजरोल गांव के 50 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति का साला है।
प्राथमिक संपर्क के तौर पर एहतियातन इसके नमूने भी जांच के लिए भेजे थे। वीरवार देर शाम प्राप्त जांच रिपोर्ट में इसके कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। संक्रमित व्यक्ति को सेकेंडरी सुविधा स्थल आरसीएच भोटा भेजा जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बजरोल गांव से संबंधित व्यक्ति दिल्ली से यहां आने के बाद एक दिन सीरी गांव में अपने इस नजदीकी रिश्तेदार के घर पर रुका था। सीरी गांव के इस संक्रमित व्यक्ति के प्राथमिक और द्वितीय संपर्कों के बारे में और जानकारी एकत्र की जा रही है।
उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि इस गांव और आस-पास के क्षेत्र के सील करने के निर्देश संबंधित उपमंडलाधिकारी (ना.) को दे दिए गए हैं। ग्राम पंचायत कक्कड़ को कंटेनमेंट जोन घोषित दिया है। यहां रोजाना कर्फ्यू में मिलने वाली ढील आगामी आदेशों तक रद्द कर दी है। इस पंचायत में लोगों के आने और बाहर जाने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। जिला हमीरपुर में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या अब पांच हो गई है। जबकि एक अन्य को बिलासपुर में क्वारंटीन किया था, वह भी कोरोना संक्रमित निकला है।