हमीरपुर। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि हमीरपुर में कोरोना संक्रमितों के दो मामले सामने आने के बाद अभी तक 565 नमूने एकत्र किए गए हैं। इनमें से 528 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके अतिरिक्त 37 नमूनों की रिपोर्ट मिलना शेष है।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित दोनों व्यक्तियों के मामले सामने आने के उपरांत हमीरपुर और जोल-सप्पड़ से अभी तक दोनों के प्राथमिक एवं द्वितीय संपर्कों के कुल 445 नमूने लिए हैं। इनमें संक्रमित व्यक्तियों के नजदीकी परिजनों और प्राथमिक संपर्कों के नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके अतिरिक्त जिलाभर से 220 और नमूने जांच के लिए भेजे थे। इस तरह अभी तक संक्रमण के मामले सामने आने के बाद जिला से 565 नमूने भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि दोनों संक्रमितों में वायरस के स्रोत एवं उनके यात्रा विवरण (ट्रेवल हिस्ट्री) के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसमें स्वास्थ्य विभाग की निगरानी टीमें, पुलिस और स्थानीय प्रशासन प्रयासरत है।