नादौन बस अड्डा पर बसों में चढ़कर सवारियों का औचक निरीक्षण करते हुए एसडीएम विजय धीमान।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। शहर में अतिक्रमण पर शिकंजा कसने के बाद अब एसडीएम ने बसों में यात्रियों की कोरोना से बचाव को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया है। मंगलवार को एसडीएम विजय धीमान ने नादौन बस अड्डा पर विभिन्न रूटों पर रवाना होने वाली बसों में घुसकर यात्रियों की सुरक्षा प्रबंधों और कोरोना से बचाव को लेकर जारी दिशा-निर्देशों के पालन का रियालिटी चेक किया। यात्रियों को कोविड-19 से बचाव को लेकर हिदायतें दीं। नादौन बस अड्डा पर इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया। इससे पूर्व एसडीएम विजय धीमान ने अकेले ही शहर के मुख्य बाजार का जायजा लिया। इसके बाद एसडीएम विजय धीमान और थाना प्रभारी नीरज राणा ने बाजार में बिना मास्क घूम रहे लोगों पर सख्त कार्रवाई आरंभ की। पुलिस और प्रशासन का घेरा इतना सख्त था कि चारों ओर एक साथ कार्रवाई आरंभ की गई। इस दौरान बिना मास्क आठ चालान किए गए। लोगों को प्रति चालान एक हजार जुर्माना भरना पड़ा। वहीं इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान भी बस अड्डे के निकट इंद्रपाल चौक पर किए गए। वहीं, दूसरी ओर पुलिस कर्मियों की टीमें तीन-तीन कर्मियों के समूहों में घूमती रही। जबकि इंद्रपाल चौक पर थाना प्रभारी नीरज राणा ने मोर्चा संभाला। यहां तीनों मुख्य मार्गों पर अलग-अलग नाका लगाकर चालान काटे गए। इस संबंध में एसडीएम विजय धीमान ने कोविड नियमों की अवहेलना करने वालों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों से कड़ाई से निपटा जाएगा। उन्होंने की औचक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हमीरपुर में बिना मास्क के घूमता व्यक्ति।- फोटो : Hamirpur-HP