हमीरपुर। जिले में शुक्रवार को दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि जिला बिलासपुर की झंडूता तहसील के बांगर गांव के साठ वर्षीय व्यक्ति की मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। सीएमओ डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि दोनों मामलों की पुष्टि रैपिड एंटीजन टेस्ट में हुई है। जबकि आरटी पीसीआर टेस्ट में कोई भी पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को रैपिड एंटीजन के कुल 431 सैंपल लिए गए। जिनमें से मात्र दो पॉजिटिव निकले। डॉ. अग्निहोत्री ने बताया कि जिले में कोरोना रोधी वैक्सीनेशन का कार्य युद्ध स्तर पर करवाया जा रहा है। जिलाभर में मोबाइल टीमें घर घर जाकर वैक्सीनेशन से छूटे लोगों का पता लगाकर उन्हें मौके पर टीके लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद अगर कोई व्यक्ति वैक्सीनेशन से छूट गया है तो वह तुरंत आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क कर सकता है। टोल फ्री नंबर 1077 पर भी इसकी सूचना दी जा सकती है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिलावासियों से सौ फीसदी टीकाकरण के लिए सहयोग करने की अपील की है।