भोरंज (हमीरपुर)। भोरंज अस्पताल के निर्माण कार्य में देरी को लेकर ठेकेदार पर कार्रवाई की गई है। कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने के चलते उसे परियोजना से हटा दिया गया है। इसके बाद अब शेष निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए विभाग द्वारा दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बन रहे इस अस्पताल का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। बी ब्लॉक का निर्माण कार्य बीच में ही रुक गया है। परियोजना के तहत ए और बी ब्लॉक का निर्माण करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
चार मंजिला प्रस्तावित बी ब्लॉक में लिफ्ट, एक्सरे कक्ष, कार्यालय, कैंटीन, वार्ड सहित आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जानी हैं, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज न जाना पड़े।
वर्तमान में बी ब्लॉक में चार लेंटल का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि एक लेंटल शेष है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार ठेकेदार द्वारा कार्य में धीमी गति अपनाई गई, जिसके चलते उसे हटाने का निर्णय लिया गया। अब पुनः टेंडर प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने की संभावना है।
बॉक्स
निर्माणाधीन अस्पताल के ए ब्लॉक में ये सुविधाएं
निर्माणाधीन भोरंज अस्पताल के ए ब्लॉक में ओपीडी और वार्ड की सुविधा है। हालांकि अस्पताल के पुराने भवन को ओपीडी और आपातकालीन सेवाओं के लिए प्रयोग किया जा रहा है। पुराने भवन के कुछ हिस्से को डिस्पमेंटल करने के भी ऑर्डर आ गए हैं। धीमी गति का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। खासकर दो साल से एक्सरे लोगों को बाहर करवाने पड़ रहे हैं।
कोट
भोरंज अस्पताल के निर्माण से ठेकेदार को कार्य से हटाया गया है। काम का दोबारा टेंडर किया जाएगा। उसके बाद कार्य शुरू हो जाएगा।
-राजेश ठाकुर, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, भोरंज
भोरंज अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। उम्मीद है कि बी ब्लॉक काम जल्द पूरा होगा।
-ललित कालिया, बीएमओ, भोरंज