हमीरपुर। प्रदेश सर्व अनुबंध कर्मचारी महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से उनके बिलासपुर दौरे के दौरान मिला। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत 19 हजार से अधिक अनुबंध कर्मचारियों की पिछले साढ़े तीन वर्षों से लंबित अनुबंध कार्यकाल को 3 वर्ष से घटाकर 2 वर्ष करने की मांग को जेपी नड्डा के समक्ष उठाया।
प्रतिनिधिमंडल में जिला हमीरपुर से राज्य कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा, बिलासपुर से प्रदेश कार्यकारिणी महासचिव सुरेंद्र कुमार नड्डा तथा मंडी से प्रदेश कार्यकारिणी कोषाध्यक्ष अविनाश कुमार सैनी समेत जिला बिलासपुर के अन्य पदाधिकारी जगत प्रकाश नड्डा से अनुबंध कार्यकाल को घटाने की मांग रखने के लिए मिले।
जेपी नड्डा ने महासंघ को आश्वस्त किया कि वह शीघ्र ही इस मुद्दे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से चर्चा करेंगे तथा महासंघ की मांग को पूरा करवाने के लिए प्रयत्न करेंगे। महासंघ का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी अपनी मांग को पुन: उनके समक्ष उठाने के लिए मिला। प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि अनुबंध कार्यकाल को घटाने का मुद्दा सरकार के ध्यान में है तथा सरकार शीघ्र ही इसे घटाने की घोषणा कर देगी।
प्रदेश में कोविड-19 के हालात सुधर रहे हैं तथा प्रदेश सरकार कर्मचारियों के सभी मसलों को हल करने के प्रति वचनबद्ध है। 2017 में भाजपा के सत्तासीन होने से पहले भाजपा की ओर से अपने चुनावी घोषणा पत्र में अनुबंध कार्यकाल को 2 वर्ष करने के वायदे को अभी तक भी अमलीजामा न पहनाने में जयराम सरकार कामयाब नहीं हो पाई है। महासंघ के राज्य कार्यकारिणी वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय कुमार पटियाल तथा वित्त सचिव अविनाश कुमार सैनी ने बताया कि प्रदेश सरकार को अनुबंध कार्यकाल घटाने का निर्णय 7 जुलाई 2021 को प्रस्तावित कैबिनेट की मीटिंग में ले लेना चाहिए।