हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में राशनकार्ड धारकों को दिसंबर और जनवरी की चीनी का कोटा एक साथ दिया जाएगा। अक्तूबर के दौरान खराब चीनी की आपूर्ति किए जाने से राशन कार्ड धारकों को चीनी की आपूर्ति समय पर नहीं हो पा रही थी। चीनी की सप्लाई को मिलों को वापस किया गया था। बकाया भंडारों से पिछले महीनों की चीनी का कोटा उपभोक्ताओं को दिया गया था। दिसंबर का कोटा बचा था। अब डिपुओं में राशनकार्ड धारकों को दो माह की चीनी की कोटा एक साथ मिलेगा।
खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी और कुल्लू जिले में यह कोटा दिया जाएगा। खाद्य आपूर्ति निगम के निदेशक ने यह निर्देश हर जिले के खाद्य आपूर्ति नियंत्रक को दिए हैं। कुछ डिपोधारकों ने खाद्य आपूर्ति विभाग को मांग नहीं भेजी थी। इस कारण भी कुछ डिपुओं में चीनी की आपूर्ति नहीं पहुंच पाई है। अब एक साथ दो माह की चीनी का कोटा एक साथ मिलने से लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। इससे पहले इन उपभोक्ताओं को अपने परिवारों का भरण पोषण करने के लिए दुकानों से महंगे दामों पर चीनी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा था। खाद्य आपूर्ति निगम के गोदामों से हर माह की 26 तारीख से डिपुओं में राशन का कोटा भेजना शुरू किया जाता है और जो अगले महीने की 10 से 12 तारीख तक चलता रहता है। डिपुओं में दाल चना दो किलो, दाल मलका, उड़द, सरसों का तेल, रिफाइंड तेल, नमक, आटा और चावल डिपो के माध्यम से प्रति राशनकार्ड पर उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है। इसमें उड़द, दाल मलका को एक किलो विकल्प के रूप में उपभोक्ताओं को प्रदान किया जा रहा है। अक्तूबर और नवंबर के दौरान जिला हमीरपुर और ऊना मेंं 5,000 और 4,800 क्विंटल चीनी का आवंटन किया गया। अब गोदामों में दिसंबर और जनवरी की चीनी का कोटा पहुंच गया है। जहां से डिपोधारकों की मांग के अनुसार चीनी की आपूर्ति की जा रही है। अब जल्द ही पांच जिलों के राशनकार्ड धारकों को बकाया चीनी के कोटे के साथ जनवरी का कोटा भी प्रदान किया जाना है।
बाक्स
खाद्य आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक हमीरपुर संजीव वर्मा ने बताया कि गोदामों में चीनी का कोटा पहुंच गया है लेकिन कुछ डिपोधारक समय से चीनी का कोटा नहीं उठा रहे हैं। इससे राशनकार्ड धारकों को चीनी का पिछला कोटा नहीं मिल पाया है। हालांकि, निगम के चीनी गोदामों में भरपूर मात्रा में पहुंची हुई है। पॉस मशीनों में भी दो महीनों की चीनी का कोटा एक साथ दिए जाने की व्यवस्था करवा दी गई है। अब जनवरी और दिसंबर माह का चीनी का कोटा जल्द दिया जाएगा।