हमीरपुर। उपभोक्ता कल्याण मंच की बैठक सोमवार को कंडरोला पलासी पंचायत में हुई। संयोजक कुलदीप सिंह खरवाड़ा की अध्यक्षता में बिजली उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर, बिजली क्षेत्र में निजीकरण और उपभोक्ता हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के बाद स्मार्ट मीटर के विरोध में रैली निकाली गई। खरवाड़ा ने कहा कि स्मार्ट मीटर प्रणाली उपभोक्ताओं और प्रदेश के हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीटर लगाने के लिए उपभोक्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है।
साथ ही बिजली बोर्ड के कार्य निजी कंपनियों को सौंपने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों से इसका विरोध करने का आह्वान किया। उन्होंने चेतावनी दी कि उपभोक्ताओं का उत्पीड़न जारी रहा तो मंच बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव करेगा।
बैठक में जसवंत सिंह, रत्न चंद, सचिन कुमार, धर्म सिंह, वेद प्रकाश, लेखराज, किशोर चंद और जोगिंदर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।