जतोग उपमंडल ने 15 दिन की दी मोहलत, बिल और सरचार्ज नहीं देने वालों के कटेंगे कनेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। बिजली बोर्ड के जतोग उपमंडल के कई उपभोक्ताओं ने सालों से बिजली बिलों की अदायगी नहीं की है। इस वजह से बोर्ड के पास लाखों की देनदारी हो गई है।
इसको देखते हुए बोर्ड ने उपभोक्ताओं को 15 दिन के भीतर बिलों और सरचार्ज की अदायगी करने की मोहलत दी है। बिजली बोर्ड के जतोग उपमंडल में टुटू, मज्याट, शिवनगर, लोअर टुटू, तवी, संदल चक्कर, एमईएस एरिया, जतोग, हीरानगर, पनेश, बनूटी, जुब्बड़हट्टी, शोघी, शोघी औद्योगिक क्षेत्र, संकटमोचन और कच्चीघाटी क्षेत्र शामिल हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि अगर तय समय में बिलों की अदायगी नहीं की तो उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
बिजली बोर्ड के जतोग उपमंडल के एसडीओ योगेश कुमार ने बताया कि करीब 300 उपभोक्ता लंबे समय से बिलों की अदायगी नहीं कर रहे हैं। हालत यह है कि कई उपभोक्ताओं ने दो-दो सालों से बिल नहीं दिए हैं। इस वजह से उनकी देनदारी 50,000 तक पहुंच चुकी है। बिजली बोर्ड को उपभोक्ताओं से करीब 36 लाख रुपये की देनदारी पहुंच गई है। इसको देखते हुए अब बिजली बोर्ड ने ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का फैसला लिया है।