हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में सैंपल कलेक्शन सेंटर का निर्माण शुरू हो गया है। अस्पताल भवन के साथ ही सैंपल कलेक्शन सेंटर का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। जल्द ही मरीजों को इसकी सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके निर्माण कार्य पर 11 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कार्य करवाया जा रहा है। सैंपल कलेक्शन सेंटर का निर्माण होने के बाद लोगों को लाइनों में लगने से राहत मिल जाएगी। सैंपल की रिपोर्ट भी कलेक्शन सेंटर पर ही उपलब्ध हो जाएगी।
वर्तमान में मेडिकल कॉलेज की लैब में काफी अधिक भीड़ होती है। यहां पर जगह की कमी होने की वजह से सीढि़यों तक लंबी कतारों में खड़े होकर मरीजों को सैंपल देने पड़ते हैं। इस वजह से मरीज भी परेशान होते हैं तथा लैब में कार्यरत कर्मचारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अब इस सैंपल क्लेशन सेंटर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। सेंटर तैयार होने के बाद लोगों को अपने ब्लड, यूरिन या अन्य सैंपल जमा करवाने के लिए लैब के बाहर लाइन में लगने से छुटकारा मिलेगा। सैंपल कलेक्शन सेंटर पर तैनात स्टाफ ही सैंपल एकत्रित कर लैब तक पहुंचा देगा। बाद में इसी सैंपल कलेक्शन सेंटर पर टेस्ट रिपोर्ट भी प्राप्त हो जाएगी। इस बारे में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि सैंपल कलेक्शन सेंटर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।