प्रथम चरण में सड़क के साथ होगा डंगों का निर्माण
पार्क में बैठने के लिए बेंच और रेलिंग की होगी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बाल स्कूल हमीरपुर के सामने पार्क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। प्रथम चरण में सड़क के साथ डंगे लगाने का कार्य शुरू हो गया है। पार्क के निर्माण कार्य पर नगर परिषद हमीरपुर की ओर से 65 लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। शीघ्र पार्क के साथ वर्षाशालिका का नए सिरे से जीर्णोद्धार होगा जिससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों को आवाजाही में काफी सुविधा मिलेगी।
नगर परिषद हमीरपुर की ओर से एक माह पहले स्कूल के सामने बनी वर्षाशालिका के साथ लगती रेहड़ी-फड़ी मार्केट को हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया था जिससे पार्क का शीघ्र निर्माण कार्य करवाया जा सके। पार्क के निर्माण कार्य के लिए नगर परिषद ने उक्त जगह को समतल करके पेवर ब्लॉक डालकर यहां चारों ओर रेलिंग के साथ बैठने के लिए बेंचों की भी व्यवस्था होगी। नगर परिषद हमीरपुर के कार्यकारी अधिकारी अजेमर ठाकुर ने कहा कि बाल स्कूल हमीरपुर के सामने बनी वर्षाशालिका के साथ वाली रेहड़ी-फड़ी मार्केट को शहर में दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।