सुजानपुर (हमीरपुर)। चार धामों से प्रसिद्ध सुजानपुर नगरी में पर्यटन को नई उड़ान देने वाली पैराग्लाइडिंग साइट का निर्माण बरसात के बाद शुरू होगा। डेढ़ वर्ष से लंबित इस परियोजना के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। पहले चरण में टेक-ऑफ रैंप का निर्माण किया जाएगा।
साइट निर्माण से पहले क्षेत्र से गुजर रही बिजली की लाइनों को हटाया जाएगा, ताकि पैराग्लाइडिंग गतिविधियां सुरक्षित तरीके से संचालित हो सकें। साइट तैयार होने के बाद पैराग्लाइडर यहां से उड़ान भरकर ऐतिहासिक सुजानपुर चौगान में सुरक्षित लैंडिंग कर सकेंगे।
इससे सुजानपुर को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। पैराग्लाइडिंग स्पॉट के साथ पर्यटकों को घरेलू उत्पादों की सुविधा भी मिलेगी। खंड विकास अधिकारी कार्यालय की ओर से स्वयं सहायता समूहों के लिए दो दुकानों का निर्माण करवाया जाएगा, जहां पर्यटकों को स्थानीय खाद्य उत्पाद उपलब्ध होंगे।
पैराग्लाइडिंग साइट के निर्माण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। परियोजना के प्रथम चरण में ऐतिहासिक किले के साथ स्थित भूमि पर मिट्टी डालकर उसे समतल करने, स्थान को खुला करने, डंगा लगाने और रेलिंग लगाने का कार्य पूरा हो चुका है। अब बिजली की लाइनों को हटाने का कार्य शेष है।
बाक्स
चार धामों के नाम से विख्यात है सुजानपुर
उपमंडल सुजानपुर में स्थित चार धामों आदि दुर्गा, शिव धाम, राम धाम और कृष्ण धाम में हजारों लोग घूमने आते हैं। ऐसे में सुजानपुर को पर्यटन की दृष्टि से अतिरिक्त विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से सुजानपुर के ऐतिहासिक किले के साथ पैराग्लाइडिंग टेक ऑफ स्पॉट बनवाया जा रहा है। वहीं, सुजानपुर के अतिरिक्त जिला हमीरपुर में पैराग्लाइडिंग करने के लिए कोई भी स्पॉट नहीं है। ऐसे में पैराग्लाइडिंग स्पॉट बनने से सुजानपुर को नई पहचान मिलेगी।
कोट
बरसात के बाद पैराग्लाइडिंग स्पॉट का निर्माण होगा। कार्य के लिए विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि शीघ्र निर्माण पूर्ण किया जा सके।
-विकास शुक्ला, एसडीएम सुजानपुर