हमीरपुर। आईटीआई ऊटपुर के नए भवन का निर्माण बजट के अभाव में रुक गया है। निर्माण बंद होने से भवन अधूरा पड़ा है और विद्यार्थियों को अभी भी किराये के भवनों में पढ़ाई करनी पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार आईटीआई भवन निर्माण के लिए करीब 7.50 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था। निर्माण एजेंसी ने लगभग 3.30 करोड़ रुपये का कार्य पूरा कर लिया, लेकिन इसके बाद करीब एक वर्ष तक विभाग को बजट उपलब्ध नहीं हो सका।
इसके चलते लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य रोक दिया। अब शेष कार्य के लिए विभाग को दोबारा टेंडर प्रक्रिया अपनानी होगी। बजट स्वीकृत होने के बाद ही नया टेंडर जारी किया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य पुनः शुरू हो सकेगा। इससे भवन पूरा होने में और समय लगने की संभावना है।
इस देरी का सीधा असर उन विद्यार्थियों पर पड़ रहा है जो नए ट्रेडों में प्रवेश की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उन्हें अब भवन निर्माण पूरा होने और नई सुविधाएं उपलब्ध होने का इंतजार करना होगा।
किराये के भवनों में संचालित हो रही कक्षाएं
स्थाई भवन के अभाव में आईटीआई की कक्षाएं फिलहाल किराये के भवनों में संचालित की जा रही हैं। इसके लिए हर महीने लगभग 22 हजार रुपये का भुगतान किया जा रहा है। वर्तमान में आईटीआई ऊटपुर में इलेक्ट्रिशियन और सोलर टेक्नीशियन ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं। आईटीआई की योजना थी कि नए भवन के तैयार होने के बाद दो और ट्रेड शुरू किया जाएं, लेकिन भवन निर्माण रुकने से यह योजना भी फिलहाल ठंडे बस्ते में है।
कोट
आईटीआई ऊटपुर के लिए जो बजट मिला था, उतना काम पूर्ण हो गया है। जैसे ही और बजट उपलब्ध होगा, टेंडर किया जाएगा। उसके बाद काम दोबारा शुरू हो जाएगा।
-नीतिश, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, टौणी देवी
उम्मीद है कि जल्द ही आईटीआई ऊटपुर को नया भवन मिलेगा। फिलहाल यहां पर दो ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं।
-सतीश ठाकुर, प्रधानाचार्य, आईटीआई ऊटपुर