झनियारा में प्रशासन ने हटाया अवैध कब्जा। स्रोत : जागरूक पाठक
हमीरपुर। तहसील हमीरपुर के झनियारा क्षेत्र के छल बूहला में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाए जा रहे शौचालय के गड्ढे को प्रशासन ने जेसीबी से गिराकर कब्जा हटा दिया। तहसीलदार के आदेश पर पटवारी हल्का लक्ष्मी कांत और कानूनगो हल्का विश्वेश शर्मा की निगरानी में वीरवार को पुलिस तथा लोक निर्माण विभाग की जेसीबी की मदद से कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार संबंधित व्यक्ति सड़क के साथ लगती सरकारी भूमि पर शौचालय का गड्ढा बनाकर उसकी चिनाई कर रहा था। प्रशासन ने इस अवैध निर्माण को पहले भी चिन्हित किया था और जून में संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर काम रोकने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया। प्रशासन ने 24 नवंबर को पटवारी हल्का के माध्यम से फिर नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने को कहा था, लेकिन अगले ही दिन संबंधित व्यक्ति ने दोबारा काम शुरू कर दिया।
इसके बाद तहसीलदार के आदेश पर पुलिस और लोक निर्माण विभाग की जेसीबी की मौजूदगी में सरकारी भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को हटाया गया।तहसीलदार हमीरपुर नरेश पटियाल ने कहा कि सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया है। सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।