फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: वार्ड-आठ में कांग्रेस की जमानत जब्त आजाद पूर्व अध्यक्ष वीना ने मारी बाजी

Mon, 18 May 2026 01:33 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस को वार्ड नंबर-आठ में बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की अंदरूनी खींचतान और समर्थित प्रत्याशियों के चयन को लेकर उठे सवाल चुनाव परिणामों में साफ नजर आए।
हालात ऐसे बने कि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सीमा सरोच अपनी जमानत तक नहीं बचा सकीं और महज 20 मतों पर सिमट गईं। वह कुल मतदान के तीन फीसदी ही वोट हासिल कर सकीं।
विज्ञापन

इस वार्ड से नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष वीना धीमान ने निर्दलीय चुनाव लड़कर जोरदार जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि कांग्रेस ने शुरुआत में वीना धीमान को ही समर्थित प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद वीना ने पार्टी का समर्थन लेने से इंकार करते हुए आजाद चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया था।
उस समय इसे स्थानीय स्तर पर बड़ा सियासी घटनाक्रम माना गया था, जिसका असर अब नतीजों में साफ दिखाई दिया। वार्ड नंबर-आठ में वीना धीमान ने 186 मत हासिल कर भाजपा प्रत्याशी ज्योति शर्मा को 49 मतों के अंतर से शिकस्त दी। वहीं, कांग्रेस समर्थित सीमा सरोच को महज 20 मत मिले, जिससे उनकी जमानत जब्त हो गई।
यह नगर परिषद सुजानपुर का इकलौता वार्ड रहा, जहां कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा सकीं। नगर परिषद में अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में वीना धीमान की जीत राजनीतिक रूप से और भी अहम मानी जा रही है।
परिषद के मौजूदा समीकरणों में कांग्रेस के दो, भाजपा के तीन और चार निर्दलीय पार्षद जीतकर आए हैं। ऐसे में सत्ता की चाबी पूरी तरह निर्दलीयों के हाथ में आ गई है और वीना धीमान की भूमिका भी अब बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर-चार और नौ में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मैदान में नहीं थे। वार्ड नंबर-नौ में पार्टी को चेहरा ही नहीं मिल पाया, जबकि वार्ड नंबर-चार में पार्टी विचारधारा से जुड़े दो नेताओं के आमने-सामने उतरने के चलते कांग्रेस ने विवाद से बचने के लिए किसी समर्थित प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया।
हालांकि वार्ड नंबर-चार से कांग्रेस विचारधारा के विनय चौधरी ने 99 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर पार्टी खेमे को कुछ राहत जरूर दी। इस वार्ड में असली मुकाबला कांग्रेस पृष्ठभूमि के दो दिग्गज चेहरों विनय और संजय के बीच रहा।
विज्ञापन

विनय चौधरी को 235, संजय को 136, जबकि भाजपा समर्थित कमलेश चौधरी को 96 मत मिले। सुजानपुर नगर परिषद के नतीजों ने साफ कर दिया है कि इस बार दलों से ज्यादा स्थानीय समीकरण, बगावत और व्यक्तिगत पकड़ ने चुनावी तस्वीर तय की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें