हमीरपुर। जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि कांग्रेस जिला हमीरपुर लोकसभा चुनावों को लेकर विशेष अभियान चलाएगी। इस अभियान को कांग्रेस गांव की ओर नाम दिया गया है। सीएम सुक्खू के गृह जिले से इस अभियान का आगाज होगा।
हमीरपुर में सोमवार को प्रेसवार्ता में सुमन भारती ने कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले जिले में 40 बैठकें प्रथम चरण में होंगी। उन्होंने कहा कि 50 हजार से अधिक लीड कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को जिले से दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। हमीरपुर से दो बार पहले भी मुख्यमंत्री रहे लेकिन जिले की अनदेखी हुई। हमीरपुर और प्रदेश के विकास को सीएम सुक्खू ने गति दी है। उन्होंने कहा कि लोस चुनाव के चलते संगठन में कर्मठ कार्यकर्ता को जिम्मेवारी दी जाएगी। आठ फरवरी से ब्लॉक में बैठकों का दौर शुरू होगा। जल्द ही बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जाएगी। बूथ स्तर का यह सम्मेलन हमीरपुर में आयोजित होगा जिसमें पांचों ब्लाकों के बूथ स्तर के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। प्रेस वार्ता से पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने जिला कांग्रेस के अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों और ब्लाक अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस बैठक में लोस चुनावों को लेकर बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर मंथन हुआ। भारती ने कहा कि बैठक में लोस चुनावों में पार्टी प्रत्याशी को जिला से लीड दिलाने का संकल्प भी लिया गया है। हमीरपुर शहर को सुंदर बनाने के लिए सीएम सुक्खू ने 20 करोड़ बिजली के तारों के जंजाल को हटाने के लिए जारी किए हैं। जिन ब्लाॅक अथवा अग्रणी संगठनों में जरूरत होगी वहां पर बदलाव भी किया जाएगा।