बड़सर में अनुसूचित जाति के सम्मेलन में पहुंचे राज्यसभा सांसद का स्वागत करते कार्यकर्ता।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। भाजपा मंडल बड़सर अनुसूचित जाति मोर्चा का सम्मेलन शनिवार को मैहरे में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। अध्यक्षता एससी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राम रत्न ने की। डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि अनुसूचित जाति के लोगों के लिए भाजपा में ही सम्मान है। आज देश के शीर्ष पद पर आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू विराजमान हैं। इससे पूर्व रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अनुसूचित जाति से संबंधित रहे। मैं खुद भाजपा से राज्यसभा का सांसद हूं।
यह सब मान सम्मान भाजपा से जुड़ने से ही मिला है। अनुसूचित जाति के लोगों के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने बहुत सी योजनाएं चलाई हैं। जबकि, कांग्रेस ने सत्तर वर्षों से अनुसूचित जाति के लोगों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र पर चलती है। अब अनुसूचित जाति के लोगों ने भाजपा का साथ देने की तैयारी कर ली है। उन्होंने आंबेडकर भवन मैहरे के निर्माण के लिए दस लाख की अतिरिक्त राशि सांसद निधि से देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने कड़साई पंचायत में खेल के मैदान के लिए पांच लाख देने की भी घोषणा की। विधानसभा क्षेत्र में 200 सोलर लाइटें सांसद निधि से लगाने की भी बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कहा कि पिछले दस वर्षों से विधायक नहीं हूं। इसके बावजूद की सेवा के लिए तत्पर रहा हूं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा से नितिन, जिलाध्यक्ष एससी मोर्चा मदन लाल, मंडल महामंत्री राज कुमार, प्रवेश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।