हमीरपुर। जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर ने वीरवार को भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार की अगुवाई में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए शहर के भोटा चौक से लेकर गांधी चौक होते हुए उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर तक केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश भाजपा सरकार के विरुद्ध जबरदस्त नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। किसानों की मांगों और महंगाई व बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर एक ज्ञापन राष्ट्रपति को उपायुक्त हमीरपुर देवश्वेता बनिक के माध्यम से प्रेषित किया गया।
इस ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मोदी सरकार की ओर से पारित कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग की है। जार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूर्ण रूप से किसानों के साथ खड़ी है और उनकी मांग का समर्थन करती है। आम जनता से संबंधित अन्य मुख्य मुद्दे महंगाई व बेरोजगारी भी इस आक्रोश रैली का मुख्य एजेंडा रहा। आज पेट्रोल डीजल व खाद्य वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। ऐसे में एक तरफ कोरोना महामारी के कारण आर्थिक तौर पर आम आदमी पूरी तरह टूट चुका है और उसके परिवार को दो वक्त की रोटी भी नसीब नहीं हो रही है। आज करोड़ों की संख्या में देशवासी बेरोजगार हो चुके हैं और मोदी सरकार के पास उनके लिए कोई राहत की योजना नहीं है।
इस मौके पर जिला प्रभारी एवं विधायक कांगड़ा पवन काजल, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक अनीता वर्मा और कुलदीप पठानिया, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा बिट्टू, दीपक शर्मा, प्रेम कौशल, बलविंदर सिंह बबलू, तेज नाथ तेज, कृष्ण चौधरी, राजेश चौधरी, नरेश लखनपाल, अनिल वर्मा, सुदर्शन शर्मा, सुरजीत सिंह, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश रानी सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।