जिला मुख्यालय से लगते बरोहा में 20 लाख लागत से बनने वाले पंडित दीन दयाल सामुदायिक भवन के शिलान्यास के बाद जनसभा में सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि वह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भव्य शहीद स्मारक बनाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार शहीद स्मारक के लिए भूमि नहीं दे पाई है।
इससे साफ है कि कांग्रेस सरकार को शहीदों के सम्मान देने में भी आपत्ति है। सांसद ने कहा कि प्रदेश की जनता में नया जोश और उमंग है। जनता जानती है कि आने वाली सरकार भाजपा की होगी। प्रदेश भर में हो रही माफिया राज हटाओ हिमाचल बचाओ रैलियों में कार्यकर्ताओं के साथ जनता भाग ले रही है। उन्होंने स्वाइन फ्लू से हो रही मौतों पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की टिप्पणी की भी निंदा की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के बारे में ऐसा बयान देने वाले मुख्यमंत्री को कुर्सी पर रहने का कोई हक नहीं। कांग्रेस सरकार में सरेआम लूट-खसूट चल रही है। कांग्रेस का ही एक पूर्व मंत्री और विधायक एक दूसरे पर हजारों करोड़ रुपये के घोटालों के आरोप लगा रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि संसदीय क्षेत्र में स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर खोलना उनका सपना है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा की एसोसिएट विधायकों की चिंता छोड़ सुखविंद्र सिंह कांग्रेसियों की चिंता करें। प्रदेश सहित दिल्ली तक कांग्रेस के कई दिग्गज कांग्रेस से विदाई लेने की फिराक में हैं। भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेसियों की कतार लंबी हैं। सह समय आने पर इन्हें भाजपा में शामिल कर कांग्रेस की कमर तोड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अगले दो महीनों में चिंतपूर्णी तक रेल पहुंच जाएगी। दो साल तक तलवाड़ा रेल लाइन का काम पूरा हो जाएगा। 600 करोड़ रुपये बिलासपुर-भानुपल्ली रेल लाइन के लिए मंजूर करवाएं हैं। अगले साल मार्च तक हमीरपुर-ऊना रेल लाइन का कार्य फाइनल सर्वे के बाद शुरू हो जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर, राकेश ठाकुर, प्यारे लाल शर्मा, देशराज शर्मा, वीना कपिल, बलदेव धीमान, दीप बजाज, रविंद्र पटियाल, राजकुमारी, हरीश शर्मा, राजेश गौतम, सुमन कपिल, वीना शर्मा, संतोष जसवाल, सुनीता सोनी, वेद प्रकाश, अंकुश दत्त, पुरुषोत्तम, सुरेंद्र, अजय आदि मौजूद रहे।