गांधी चौक हमीरपुर में महात्मा गांधी की मूर्ति पर माला अर्पण करने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष समर
हमीरपुर। जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष सुमन भारती ने वीरवार को जिला अध्यक्ष के पद पर कमान संभाल ली है। कमान संभालते ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग हमीरपुर के विश्राम गृह में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंथन किया। बैठक के बाद ढोल की थाप पर बाजार से होते हुए जिला अध्यक्ष सुमन भारती गांधी चौक में समर्थकों के साथ पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस मौके पर केसीसी बैंक के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र वर्मा, प्रवक्ता रोहित शर्मा एवं नगर परिषद हमीरपुर के मनोनीत पार्षद और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि अपनी नियुक्ति के लिए वह कांग्रेस हाईकमान और मुख्यमंत्री सुक्खू का आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री और हाईकमान ने उन पर जो विश्वास जताया है उस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिले से कांग्रेस प्रत्याशी को लीड दिलाई जाएगी। वह खुद किसान परिवार से आते हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक नई पौध तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।