हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के दिल्ली स्थित ड्राइवर-कंडक्टर विश्राम गृह की बदहाली पर कंडक्टर यूनियन ने कड़ा रुख अपनाया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कर्मचारियों को मजबूरन दिल्ली रूट बंद करने का कदम उठाना पड़ सकता है।
सोमवार को हमीरपुर के एनजीओ भवन में स्टेट एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। इसमें स्टेट कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दिल्ली स्थित विश्राम गृह की स्थिति पर चर्चा करते हुए निगम प्रबंधन से कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की गई।
स्टेट महासचिव दिपेंद्र कंवर ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर दिल्ली स्थित विश्राम गृह की बदहाली से जुड़ी खबरें सामने आ रही हैं। वहां शौचालय में पानी तक की व्यवस्था नहीं है, जिससे ड्यूटी के दौरान दिल्ली पहुंचने वाले ड्राइवरों और कंडक्टरों को परेशानी हो रही है। उन्होंने निगम प्रबंधन से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।
बाक्स
विनय कुमार को फिर सौंपी प्रधान पद की जिम्मेदारी
बैठक से पहले प्रांतीय प्रधान प्रीत मोहिंदर की अध्यक्षता में एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन हमीरपुर के क्षेत्रीय चुनाव करवाए गए। चुनाव में सर्वसम्मति से विनय कुमार को दोबारा प्रधान चुना गया। वहीं, अरविंद कुमार को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि सतीश कुमार को फिर से सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। वही वरिष्ठ उप प्रधान के रूप में राजेंद्र उप प्रधान के रूप में शिवकुमार और सचिव अरविंद कुमार को चुना गया।