चंडीगढ़ से हमीरपुर आ रही एचआरटीसी के ऊना डिपो की एसी बस के परिचालक की ओर से पैसे देने के बाद भी यात्रियों को टिकट नहीं देने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए निगम प्रबंधन ने संबंधित परिचालक को ड्यूटी से हटा दिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 10 बजे एचआरटीसी हमीरपुर मंडल के मंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने डिडवीं टिक्कर के समीप बस का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बस में कुल 18 यात्री सवार थे, जिनमें से नौ यात्रियों के पास टिकट नहीं मिले। जांच में सामने आया कि परिचालक ने यात्रियों से किराया तो वसूल लिया था लेकिन उन्हें टिकट जारी नहीं किए गए थे। इन नौ यात्रियों के टिकट की कुल राशि 1,971 रुपये बनती थी। सभी यात्री ऊना से हमीरपुर की ओर यात्रा कर रहे थे।
मामले की रिपोर्ट तैयार कर ऊना डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक को भेज दी गई है। मंगलवार सुबह बस के चंडीगढ़ रवाना होने से पहले ही संबंधित परिचालक हंसराज को ड्यूटी से हटाया दिया गया है। निगम की ओर से मामले की विभागीय जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान एचआरटीसी के मुख्य निरीक्षक अशोक सोनी भी मौजूद रहे।
नौ यात्रियों को किराया भुगतान के बाद भी टिकट जारी नहीं की गई थी। संबंधित परिचालक की रिपोर्ट ऊना डिपो के आरएम को भेज दी गई है। -
राजकुमार पाठक, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर मंडल
मामले की जानकारी मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। -
राजेश जोशी, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी ऊना डिपो