हमीरपुर। राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों की रक्षा और उनके लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए आयोग जमीनी स्तर पर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को जागरूक करने के लिए पंफ्लेट जारी किए गए हैं। अब शिकायतों के लिए दूरभाष नंबर एवं ईमेल आईडी भी उपलब्ध कराई गई है। वहीं, भविष्य में एक मोबाइल ऐप विकसित कर शिकायतों के त्वरित निवारण की व्यवस्था की जाएगी।
जिला हमीरपुर के तीन दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को हमीर भवन में आयोजित बैठक एवं जागरूकता शिविर के दौरान उन्होंने यह बात कही। इस अवसर पर आयोग के सदस्य विजय डोगरा, दिग्विजय मल्होत्रा और शालिनी जमवाल भी उपस्थित रहे।
कुलदीप कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए विभिन्न अधिनियम एवं नियम बनाए गए हैं। आयोग का उद्देश्य लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लेना है।
उन्होंने बताया कि हमीरपुर में एससी वर्ग से संबंधित संस्थाओं, संगठनों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श के साथ-साथ फील्ड स्तर पर भी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
इस अवसर पर विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने आयोग के समक्ष कई मुद्दे उठाए। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जिले में पूरी अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।
बॉक्स
एससी आयोग ने सड़क के विवाद को पांच दिन के भीतर सुलझाने के दिए निर्देश
भोरंज(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत नंधन के गांव बल्ह बलेट में अनुसूचित जाति बस्ती की सड़क से संबंधित विवाद का राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। जिले के तीन दिवसीय दो के दूसरे दिन मंगलवार को दोपहर बाद आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, सदस्य विजय डोगरा, दिग्विजय मल्होत्रा और शालिनी जमवाल ने टाउन भराड़ी स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में गांव बल्ह बलेट के दोनों पक्षों के लोगों से विस्तृत चर्चा की। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद आयोग ने सड़क के विवाद को पांच दिन के भीतर आपसी सहमति से सुलझाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम शशिपाल शर्मा, एएसपी लालमन शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद