हमीरपुर। जिला हमीरपुर में लॉकडाउन के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बने कॉमन सर्विस सेंटर लोगों के लिए फायदेमंद साबित हुए हैं। ग्रामीणों को पैसे की निकासी से लेकर चिकित्सकों से सलाह सहित अन्य सुविधाएं इन केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कोरोना योद्धाओं के रूप में वीएलई (लोकमित्र संचालक) ग्रामीणों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। जिले में करीब 262 कॉमन सर्विस सेंटर संचालित हैं। जनधन खाते से पैसे की निकासी हो या किसी योजना में पंजीकरण का कार्य, हर संभव सरकारी सुविधा लोगों को यह केंद्र उपलब्ध करवा रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान सभी वीएलई की ओर से किसान सम्मान निधि के पंजीकरण, सम्मान निधि में सुधार के लिए आवेदन, प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना, प्रधानमंत्री व्यापारी मानधन योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, बैंकिंग, उज्ज्वला योजना सिलिंडर बुकिंग, टेली मेडिसन, टेली लॉ, सीएससी ओलंपियाड, ग्रामीण बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा, श्रमिकों के पंजीकरण, प्रवासी लोगों के जिले में आने और बाहर जाने के लिए पंजीकरण आदि किए जा रहे हैं।
बाक्स:
महज एक रुपये में चिकित्सक से वीडियो कॉल पर सलाह
टेली मेडिसिन के तहत अब तक करीब 100 लोगों ने महज एक रुपया शुल्क देकर चिकित्सक से वीडियो कॉल के माध्यम से सलाह ली है। 50 सीएससी ई-स्टोर ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद चीजों की होम डिलीवरी कर रहे हैं। वीएलई की ओर से पैदल आ रहे लोगों को भोजन भी उपलब्ध करवाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घरद्वार पर पेंशन व जीवन प्रमाणपत्र बनाए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों को अधिक तवज्जो : उपायुक्त
उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इन सभी सीएससी की मॉनिटरिंग लगातार की जा रही है।