मट्टन सिद्ध बाईपास मार्ग पर निजी अस्पताल के पास टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त हुई कार। स्रोत संवाद
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर हमीरपुर के तहत नगर परिषद की कूड़े की गाड़ी से एक कार की टक्कर हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। पक्का भरो से मट्टनसिद्ध बाईपास मार्ग पर एक निजी अस्पताल के समीप दो वाहनों की जोरदार टक्कर हुई। इसमें दो पुरुष और एक महिला घायल हो गई।
घायलों को उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया। यहां पर तीनों का उपचार किया जा रहा है। कार पक्काभरो से मट्टनसिद्ध की तरफ जा रही थी और दूसरी तरफ नगर परिषद की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी आ रही थी। कूड़ा उठाने वाली गाड़ी से कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार में दो लोग सवार थे, जिन्हें चोटें आई हैं। वहीं, पैदल जा रही एक महिला भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गई। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज हमीरपुर भेजा गया। पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।