हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिले का सोमवार को अंतिम दिन है। छात्र कॉलेज की वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कोरोना वायरस के कारण कुछ विद्यार्थी स्नातकोत्तर के प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे। इसके मद्देनजर कॉलेज प्रशासन ने आवेदन का समय बढ़ाया था। आवेदन विद्यालय की वेबसाइट के माध्यय से किया जा सकता है। 30 नवंबर तक आवेदन स्वीकृत किए जाएंगे। वहीं, 2 दिसंबर को पहली मेरिट लिस्ट लगाई जाएगी और मेरिट लिस्ट में आने वाले विद्यार्थी 4 दिसंबर तक अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। दूसरी मेरिट लिस्ट 5 दिसंबर को लगाई जाएगी और मेरिट लिस्ट में आने वाले विद्यार्थी 7 दिसंबर शाम पांच बजे तक फीस जमा करवा सकते हैं। महाविद्यालय में वर्तमान में अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र, भूगर्भ विज्ञान, गणित में स्नातकोत्तर करवाई जाती है। महाविद्यालय की प्राचार्य अंजु बत्ता सहगल ने कहा कि स्नातकोत्तर के प्रथम सत्र में प्रवेश के लिए छात्र 30 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहली मेरिट लिस्ट 2 दिसंबर को लगाई जाएगी।