खांसी, जुकाम, बुखार और छाती में जकड़न से जूझ रहे नौनिहाल, अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मौसम में ठंडक बढ़ते ही बच्चों की सेहत पर इसका असर दिखने लगा है। सर्द हवाओं और गिरते तापमान के बीच छोटे बच्चे खांसी, जुकाम, बुखार और छाती में जकड़न जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के बाल रोग विभाग में इन दिनों बीमार बच्चों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। यहां रोजाना करीब 120 बच्चे उपचार के लिए ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जबकि दो से तीन बच्चों को गंभीर लक्षणों के चलते अस्पताल में भर्ती करना पड़ रहा है। खासकर कम उम्र के बच्चों में सर्दी-जुकाम और छाती में संक्रमण की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई बच्चों को लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी और सीने में जकड़न जैसी दिक्कतें हो रही हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष शर्मा बच्चों का उपचार कर रहे हैं। वह अभिभावकों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, छोटे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कम होती है। ऐसे में तापमान में अचानक बदलाव, ठंडी हवा और वायरल संक्रमण उन्हें जल्दी अपनी चपेट में ले सकते हैं। विशेषकर नवजात शिशुओं और पांच साल से कम उम्र के बच्चों का ध्यान रखने की जरूरत है। अभिभावकों को बच्चों में सर्दी-जुकाम के सामान्य लक्षण दिखाई देने पर भी उनकी स्थिति पर नजर रखनी चाहिए, ताकि संक्रमण बढ़ने पर समय रहते उपचार मिल सके।
बॉक्स
ये सावधानियां अपनाकर बच्चों को रखें सुरक्षित
बच्चों को मौसम के अनुसार गर्म कपड़े पहनाएं। सिर, कान, छाती और पैरों को ठंड से बचाकर रखें। सुबह और देर शाम बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकालें। ठंडी हवाओं के सीधे संपर्क से बचाएं। बच्चों के हाथ नियमित रूप से धुलवाएं। बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार दें। उम्र के अनुसार पर्याप्त तरल पदार्थ और शिशुओं को नियमित स्तनपान कराएं। सर्दी-जुकाम या खांसी से पीड़ित लोगों को छोटे बच्चों के नजदीक आने से बचना चाहिए। बच्चों के आसपास खांसते या छींकते समय मुंह ढकें। बच्चों में सांस लेने में कठिनाई, पसलियों के नीचे छाती का अंदर की ओर धंसना, बच्चा बहुत सुस्त हो जाना गंभीर संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।
कोट
बदलते मौसम में बच्चों की सेहत को लेकर थोड़ी सी सतर्कता बड़ी परेशानी से बचा सकती है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के साथ-साथ उनके खानपान, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों पर भी विशेष ध्यान दें। -डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर
बदलाव:
कोई बदलाव नहीं