हमीरपुर। बरसात के दौरान सरकारी स्कूलों के भवनों और ढांचागत सुविधाओं को हुए नुकसान का अब आकलन किया जाएगा। जिले के छह शिक्षा खंडों में बनाए गए 100 क्लस्टर के प्रभारी अपने-अपने क्लस्टर के स्कूलों की स्थिति की रिपोर्ट तैयार करेंगे।
रिपोर्ट में भवन, कमरों, छतों, दीवारों, शौचालय, सुरक्षा दीवारों और स्कूल परिसर को हुए नुकसान का ब्योरा शामिल किया जाएगा। जलभराव, भूस्खलन और रास्तों को हुए नुकसान को भी चिह्नित किया जाएगा। स्कूलों से प्राप्त रिपोर्ट को मंजूरी के लिए निदेशालय भेजा जाएगा।
निदेशालय से बजट मिलने के बाद आवश्यक मरम्मत कार्य करवाए जाएंगे। बीते सत्र में भी जिले के करीब 130 सरकारी स्कूल बरसात से प्रभावित हुए थे। इस बार भी नुकसान का आकलन कर मरम्मत कार्यों के लिए बजट की मांग की जाएगी।
कोट
क्लस्टर प्रभारी को अपने अधीन स्कूलों की रिपोर्ट जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्कूलों के लिए बजट उपलब्ध हो सके।
-देशराज डोगरा, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर