नगर निगम ने आईएचएम में करवाया स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर ने होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) में सलासी में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में नगर निगम हमीरपुर के अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्वच्छता को सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है।प्रतिदिन घरों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरा का वहीं पर ही पृथक्करण बहुत जरूरी है। अगर प्रत्येक व्यक्ति घर में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग इकट्ठा करके सफाई कर्मचारियों को सौंपेंगा तो उससे कूड़ा का सही निष्पादन सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम में टूर एंड ट्रैवल से जुड़े लगभग 60 व्यवसायियों ने भाग लिया। इनमें टूर एंड ट्रैवल एजेंसी कृतिका हॉलिडे टूर एंड ट्रेवल्स, चोपड़ा होटल हमीरपुर, नमो रेस्टोरेंट बिझड़ी हमीरपुर, वैली व्यू होम स्टे, स्याल रेजिडेंसी और अन्य रेस्टोरेंट के संचालक शामिल रहे। कार्यक्रम में अभिषेक वर्मा, मनोज कुमार, सुकरांत, सलोनी ठाकुर, शिवानी गुलेरिया, संजीव पठानिया सहित अन्य प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। समापन अवसर पर आईएचएम के विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा और कार्यक्रम समन्वयक प्रनीश पठानिया ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया।