टौणी देवी (हमीरपुर)। टौणी देवी-ऊहल सड़क मार्ग पर लंबे समय से बंद पड़ी नालियों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। सड़क किनारे जमा मिट्टी, पत्थर और अन्य मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली जा रही है।
जहां जरूरत महसूस हो रही है, वहां बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित करने के लिए अस्थायी नालियां भी बनाई जा रही हैं। बारिश के दौरान नालियों की समय पर सफाई और मरम्मत न होने से पानी सड़क पर बह रहा था, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।
विज्ञापन
अब नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था से सड़क पर पानी जमा होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त नालियों की नियमित मरम्मत करवाने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग टौणी देवी के एसडीओ नितीश ने बताया कि बारिश के दौरान भूस्खलन की संभावना रहती है। लोगों को वाहन चलाने में परेशानी न हो, इसके लिए सड़क को अवरुद्ध होने से बचाने के लिए जेसीबी की सहायता ली जा रही है।